नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य को ज्ञापन सौंपते महावीर प्रसाद मंगल एवं श्री मोतीगंज खाद्य व्यापार समिति के पदाधिकारी

Spread the love

 

आदर्श मंडी का प्रस्ताव कागजों तक सीमित, मोतीगंज व्यापारियों का नगर निगम पर सवाल; नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

 

वर्षों पुराने प्रस्ताव के बावजूद नहीं सुधरी मोतीगंज खाद्य मंडी, व्यापारियों ने दी आंदोलन की चेतावनी

आगरा। वर्षों पुराने प्रस्ताव और घोषणाओं के बावजूद मोतीगंज खाद्य मंडी की बदहाल स्थिति से नाराज व्यापारियों का आक्रोश बुधवार को खुलकर सामने आया। श्री मोतीगंज खाद्य व्यापार समिति के बैनर तले अध्यक्ष महावीर प्रसाद मंगल के नेतृत्व में व्यापारियों ने संतोष कुमार वैश्य को ज्ञापन सौंपकर नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल उठाए और कहा कि कार्यकारिणी में पारित प्रस्ताव आज तक धरातल पर पूरी तरह लागू नहीं हुआ।

अध्यक्ष महावीर प्रसाद मंगल ने कहा कि मोतीगंज खाद्य मंडी आगरा की ऐतिहासिक और सबसे व्यस्त मंडियों में शामिल है, जहां प्रतिदिन शहर और आसपास के जिलों से हजारों व्यापारी पहुंचते हैं। नगर निगम कार्यकारिणी द्वारा 25 सितंबर 2025 को मंडी को “आदर्श मोतीगंज गल्ला खाद्य मंडी” घोषित करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया था, लेकिन आज भी यहां मूलभूत सुविधाओं के लिए व्यापारी संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर प्रस्ताव पारित हुआ था, तो उसका पालन आखिर क्यों नहीं हुआ।

उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम द्वारा कुछ सीमित कार्य कराकर मंडी को आदर्श घोषित कर दिया गया, जबकि जमीनी स्थिति आज भी अव्यवस्था से भरी है। मंडी में पार्किंग की कोई ठोस व्यवस्था नहीं होने से रोजाना जाम की समस्या बनी रहती है। बड़े वाहन सड़क पर खड़े होते हैं, जिससे व्यापार और आवागमन दोनों प्रभावित होते हैं।

महावीर प्रसाद मंगल ने कहा कि सड़कें कई स्थानों पर टूटी हुई हैं, नालियां क्षतिग्रस्त हैं और बरसात के दौरान जलभराव से व्यापार ठप होने की स्थिति बन जाती है। रात के समय बड़ी संख्या में ट्रक आते हैं, माल लोडिंग-अनलोडिंग होती है, लेकिन पर्याप्त स्ट्रीट लाइट न होने से सुरक्षा और संचालन दोनों प्रभावित होते हैं।

महामंत्री शैलेन्द्र अग्रवाल (शालू) ने कहा कि साफ-सफाई की स्थिति भी बेहद खराब है। मंडी जैसी महत्वपूर्ण व्यापारिक जगह पर नियमित व्यापक सफाई नहीं होना प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों से टैक्स और शुल्क तो लिया जाता है, लेकिन बदले में सुविधाएं नहीं दी जा रहीं।

व्यापारियों ने यह भी कहा कि माननीय महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने दो वर्ष पूर्व मंडी में स्वयं आकर आदर्श मंडी बनाने की घोषणा की थी। कार्यकारिणी में प्रस्ताव पारित हुआ, निर्देश जारी हुए, लेकिन धरातल पर अधूरे काम छोड़ दिए गए। इससे व्यापारियों में गहरा असंतोष है।

समिति ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही मंडी की समस्याओं का समाधान नहीं कराया गया और पारित प्रस्ताव के अनुरूप विकास कार्य पूरे नहीं किए गए, तो व्यापारी व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होंगे। ज्ञापन में पार्किंग, सड़क, नाली, अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था और नियमित सफाई व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित करने की मांग की गई।

इस अवसर पर उपमंत्री मोहित गर्ग और अखिलेश गोयल, सहमंत्री संजीव सिंघल, पवन कुमार गोयल, आगरा व्यापार मंडल के जय पुरस्नानी, संदीप गुप्ता, पार्षद अमित अग्रवाल पारुल आदि उपस्थित रहे।