अधिकमास में श्री प्रेमनिधि मंदिर में सजे ठाकुरजी के रथयात्रा मनोरथ, भक्तों ने किए भावपूर्ण दर्शन

Spread the love

 

अधिकमास में श्री प्रेमनिधि मंदिर में सजे ठाकुरजी के रथयात्रा मनोरथ, भक्तों ने किए भावपूर्ण दर्शन

आगरा। नाई की मंडी, कटरा हाथी शाह स्थित श्री प्रेमनिधि मंदिर (मशाल वाले) में चल रहे श्री पुरुषोत्तम मास महोत्सव के अंतर्गत सोमवार को दूसरे दिन ठाकुर श्री श्याम बिहारी जी महाराज के दिव्य रथयात्रा मनोरथ के दर्शन हुए। अधिकमास के पावन अवसर पर मंदिर परिसर भक्तिभाव, श्रृंगार और उल्लास से आलोकित रहा। श्रद्धालुओं ने ठाकुरजी के रथ स्वरूप के दर्शन कर स्वयं को धन्य अनुभव किया।

पुष्टिमार्गीय परंपरा के अनुसार रथयात्रा मनोरथ का भाव यह है कि प्रभु स्वयं अपने भक्तों के द्वार तक पधारकर उन्हें कृपा का प्रसाद प्रदान करते हैं। व्रजभाव से संपन्न इस उत्सव में ठाकुरजी को सुसज्जित रथ में विराजमान कर दर्शन कराए गए। संपूर्ण मंदिर परिसर को मनोहारी सजावट, पुष्प और दीपों से अलंकृत किया गया, जिससे वातावरण पूर्णतः भक्ति रस में सराबोर रहा।

मुख्य सेवाधारी हरिमोहन गोस्वामी ने बताया कि अधिकमास भगवान श्रीहरि का अत्यंत प्रिय मास माना गया है। पुष्टिमार्ग में इस मास का विशेष महत्व है, क्योंकि इस दौरान वर्ष भर के प्रमुख उत्सव मनोरथ स्वरूप मनाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि यह अवसर भक्तों के लिए ठाकुरजी की विशेष कृपा प्राप्त करने का दुर्लभ समय है।

सेवा अधिकारी सुनीत गोस्वामी ने बताया कि रथयात्रा मनोरथ में ठाकुरजी रथ में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देते हैं, जो इस भावना का प्रतीक है कि प्रभु अपने भक्तों की मनोकामना पूर्ण करने स्वयं उनके समीप आते हैं। मंदिर प्रशासक दिनेश पचौरी ने बताया कि 15 जून तक चलने वाले इस महोत्सव में प्रतिदिन ठाकुरजी के विविध मनोरथ आयोजित होंगे। मंगलवार को अक्षय तृतीया मनोरथ दर्शन होंगे।

रथयात्रा मनोरथ के चरण सेवक अखिलेश अग्रवाल ने श्रद्धा, सेवा और समर्पण भाव से ठाकुरजी की सेवा का सौभाग्य प्राप्त किया।

उत्सव में अमित शर्मा, राजेश धाकड़, सरदार सिंह धाकड़, रामनिवास गुप्ता, मनीष गोयल, हेमंत गिडवानी, साहिल सैन, दीपक भाटी आदि ने ठाकुर जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।